मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
Applications invited for admission in class 6th under Chief Minister Scheduled Caste and Scheduled Tribe Student Excellence Scheme
जांजगीर-चांपा, 09 जून 2026
मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग ने बताया कि योजना के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु जो छात्र, छात्राएं छ०ग० का मूल निवासी हो एवं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग का हो (समक्ष प्राधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र धारी हो), तथा कक्षा 5वीं में छ०ग० में संचालित किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित अध्ययनरत् (सत्र 2025-26 में) हो तथा कक्षा 4थीं. की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया हो, पालक की वार्षिक आय समस्त स्त्रोतों से 2.50 लाख से अधिक न हो (निर्धारित प्रपत्र में पालक का स्वघोषणा पत्र) एवं ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालय में ही अध्ययनरत विद्यार्थी 20 जून 2026 तक अपने विद्यालय में समय शाम 5.00 बजे तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा कर सकते हैं।
नगर पालिका तथा नगर निगम क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी योजना को लाभ लेने हेतु पात्र नहीं होगें। आवेदन पत्र के साथ पालकों की सहमति/आयकर दाता न होने का प्रमाण पत्र, संस्था से ग्रामीण अंचल में होने का प्रमाण पत्र संबंधी जानकारी, जाति प्रमाण पत्र, अंकसूची (कक्षा 4 थी एवं 5 वीं) की छायाप्रति संलग्न किया जाना आवश्यक है। विद्यार्थी जिस जिले का मूल निवासी हो (समक्ष प्राधिकारी के हस्ताक्षर से जारी निवास प्रमाण पत्र के आधार पर) उसी जिले में आवेदन करने की पात्रता होगी। मूल निवास जिले से भिन्न जिले में किये गये आवेदन स्वीकार्य योग्य नहीं होगा। सत्र 2026-27 में पहली बार इस योजनांतर्गत छ०ग० राज्य के प्रत्येक पिछड़ी जनजातियों (बैगा, अबूझमाड़िया, कमार, बिरहोर एवं पहाड़ी कोरवा) के लिए 2 प्रतिशत सीट आरक्षित की गई। विद्यालय प्रमुख द्वारा विद्यार्थियों के आवेदन का परीक्षण कर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 22 जून 2026 तक जमा करेंगे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर सूची तैयार कर आवेदन को 24 जून 2026 तक सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जांजगीर-चांपा के कार्यालय में जमा करेंगे। निर्धारित आवेदन पत्र एवं आय हेतु स्व घोषणा पत्र का प्रारूप कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास/कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी से प्राप्त किया जा सकता है. योजना के संबंध में विस्तृत विवरण विभाग के वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। चयन हेतु जिला स्तर पर 05 जुलाई 2026 (दिन रविवार) को दोपहर 12 बजे से 02 बजे तक लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।






