रायपुर के 40 से अधिक इलाकों में 11 जून की शाम नहीं होगी जलापूर्ति, 5 लाख लोग होंगे प्रभावित
Over 40 areas in Raipur will not have water supply on the evening of June 11, affecting 5 lakh people.
रायपुर। राजधानी रायपुर में 11 जून को विद्युत कार्य के कारण शहर के कई क्षेत्रों में एक पाली की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी लाइन से संबंधित कार्य किए जाने के चलते इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
जानकारी के अनुसार, 33 केवी लाइन में भूमिगत केबल को जोड़ने के लिए 11 जून को 80 एमएलडी और 150 एमएलडी जलशोधन संयंत्र बंद रहेंगे। इसके कारण डंगनिया, गुढ़ियारी, गंज, न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भाठागांव, कुशालपुर, डी.डी. नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मोवा, सड्डू, रामनगर, जोरा, रायपुरा, देवेंद्र नगर, संजय नगर सहित 40 से अधिक क्षेत्रों में 11 जून की शाम जलप्रदाय नहीं होगा।
नगर निगम के अनुसार, 11 जून को सुबह निर्धारित समय पर जलापूर्ति की जाएगी, लेकिन शाम की सप्लाई बंद रहेगी। इससे करीब 5 लाख लोग प्रभावित होंगे। हालांकि 12 जून की सुबह से जलापूर्ति पुनः सामान्य रूप से शुरू हो जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पहले से पानी का भंडारण कर लें। शहर के अन्य जलागारों और पावर पंपों से होने वाली जलापूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।






