जन्म से दिव्यांग लोमेश साहू को मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

Lomesh Sahu, a disabled person from birth, received a motorized tricycle

जन्म से दिव्यांग लोमेश साहू को मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

गरियाबंद, 24 दिसम्बर 2025 राज्य शासन एवं जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल से कलेक्टर श्री बी.एस. उईके एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर ने जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम जेंजरा निवासी 40 वर्षीय दिव्यांग लोमेश कुमार साहू को कलेक्ट्रेट परिसर में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। अब लोमेश को किसी दूसरे पर आश्रित होने की अधिक आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जन्म से दिव्यांग लोमेश की बड़ी बाधा दूर हो गई। लोमेश ने बताया कि वे वर्षों से चलने-फिरने में गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। सहायता प्राप्त करने के लिए उन्होंने कई बार अलग-अलग माध्यमों से आवेदन किया था। लेकिन किसी कारणवश उनका आवेदन संबंधित विभाग तक नहीं पहुंच पाया। लंबे समय तक निराशा के बावजूद उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी।
इसकी जानकारी समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री डी.पी. ठाकुर को मिलने पर मामले की गंभीरता को समझते हुए श्री ठाकुर ने कलेक्टर श्री उईके को इस बारे में वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने हितग्राही की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए तत्काल समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को निर्देश देते हुए शासन की योजना के अंतर्गत लोमेश को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान करने को कहा। विभाग द्वारा उनसे शासकीय प्रक्रिया पूरी कराते हुए उन्हें आज ट्राईसायकिल प्रदान किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का हर संभव लाभ दिलाना शासन की प्राथमिकता है। ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे और सभी को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले।
इस दौरान मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल पाकर लोमेश साहू अत्यंत भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 40 साल की उम्र में आज तक चलने-फिरने में कई बाधाएँ आई।, लेकिन आज वह बाधा पूरी तरह दूर हो गई है। उन्होंने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त कर राज्य शासन एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की संवेदनशील नीतियों और प्रशासन की तत्परता से आज दिव्यांगजनों को नई राह, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता मिल रही है।