पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के विशेष प्रयासो से अम्बिकापुर क्षेत्र में सुगम आवागमन को नई उड़ान

Due to the special efforts of Tourism and Culture Minister Shri Rajesh Agrawal, smooth transportation in Ambikapur area has got a new boost.

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के विशेष प्रयासो से अम्बिकापुर क्षेत्र में सुगम आवागमन को नई उड़ान

21.78 किमी नई सड़कों के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 19.14 करोड़ रू. की राशि स्वीकृत

रायपुर, 22 दिसंबर 2025

अम्बिकापुर क्षेत्र में सुगम आवागमन और ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 19.14 करोड़ रुपये की लागत से 21.78 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण स्वीकृत किया गया है। इन सड़कों के निर्माण से न केवल ग्रामीण अंचलों का सड़क नेटवर्क सुदृढ़ होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा, कृषि उपज की सुगम आवाजाही और रोज़गार के अवसर भी मिलेंगे।

स्वीकृत कार्यों में मुडे़सा कृष्णापुर मार्ग की 1.08 किमी सड़क निर्माण पर लगभग 93.42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह खरसूरा रोड-फुलचुही पहुँच मार्ग की 3.63 किमी लंबाई की सड़क के लिए 327.88 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे क्षेत्र के कई गाँवों को सीधी सुविधा मिलेगी।

गुमगुड़ा खुर्द बतिंकरा मार्ग की 5.51 किमी सड़क के निर्माण पर 423.92 लाख रुपये व्यय होंगे। वहीं पीडब्ल्यूडी रोड-शंकरपुर खासपारा-मोरमीपारा सड़क की 6.94 किमी लंबाई के लिए 641.15 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे दूर दराज़ के गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से और अधिक सुदृढ़ हो जाएगा।

इसके साथ ही देवीटिकरा रकेली देवगढ़ देवटिकरा खासपारा मार्ग की 2.40 किमी सड़क निर्माण पर 210.36 लाख रुपये तथा रिखी करोंधी खुत्रापारा मार्ग की 2.22 किमी सड़क के लिए 217.38 लाख रुपये अनुमोदित किए गए हैं। इन सभी सड़कों के बन जाने से अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, व्यवसायियों और आम नागरिकों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा।
क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सड़क नेटवर्क सुदृढ़ होगा और किसानों को अपनी कृषि उपज को मंडी तक पहुंचाने में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों के लिए स्कूल, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुँचना आसान होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि की संभावना भी बढ़ेगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत यह 19.14 करोड़ रुपये की राशि अम्बिकापुर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि “ग्रामीण सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास की धुरी है, इन सड़कों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और व्यापार सभी क्षेत्रों में नई ऊर्जा आएगी।”

श्री अग्रवाल ने इसके लिए क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी समय में भी अम्बिकापुर क्षेत्र के लिए ऐसे ही विकासोन्मुख कार्यों की श्रृंखला जारी रहेगी, जिससे “बढ़ता अम्बिकापुर, सँवरता अम्बिकापुर” का लक्ष्य साकार हो सके।