’सुशासन तिहार 2026’ : ’धमतरी के हसदा समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब’
'Good Governance Festival 2026': 'A huge crowd gathered at the Hasda resolution camp in Dhamtari'
437 आवेदनों का मौके पर निपटारा’
रायपुर, 09 मई 2026
छत्तीसगढ़ सरकार की प्राथमिकता सुशासन को धरातल पर उतारते हुए ’सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत धमतरी जिले में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। शुक्रवार को मगरलोड विकासखंड के ग्राम पंचायत हसदा में आयोजित भव्य समाधान शिविर में प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जहाँ प्राप्त 479 आवेदनों में से 437 का त्वरित निराकरण कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी गई।
मौके पर समाधान: शिकायतों और मांगों का त्वरित अंत
शिविर में हसदा सहित खिसोरा, धौराभाठा, मोतिमपुर और रांकाडीह जैसे 12 से अधिक ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रशासन ने प्राप्त 475 मांग संबंधी आवेदनों में से 436 और 4 शिकायतों में से 1 का मौके पर ही निपटारा कर दिया।
विभागीय उपलब्धियां और हितग्राही लाभ
शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे। समाधान शिविरों के माध्यम से हम ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का निपटारा कर रहे हैंस विभिन्न विभागों ने न केवल समस्याओं को सुना, बल्कि हाथों-हाथ लाभ भी वितरित किए। पंचायत विभाग द्वारा 07 हितग्राहियों को नए राशन कार्ड सौंपे गए। समाज कल्याण विभाग ने 02 दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल और 06 वृद्धजनों को पेंशन स्वीकृति आदेश जारी किया। श्रम विभाग द्वारा 04 श्रमिकों को पंजीयन कार्ड का वितरण और 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही 10 आयुष्मान कार्ड वितरण और 11 लोगों के आधार (नए व अपडेट) संबंधी कार्य पूर्ण किए गए।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मीना साहू, जनपद अध्यक्ष श्री विरेंद्र कुमार साहू,जिला पंचायत सीईओ श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और लंबित आवेदनों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य जांच, आधार अपडेट और पेंशन जैसे कार्यों के होने से उनके समय और धन की बड़ी बचत हुई है।






