कोंडागांव : किसान दिवस पर 16 ग्रामों के किसानों ने मनाया सामूहिक उत्सव

Kondagaon: Farmers from 16 villages celebrated collectively on Kisan Diwas.

कोंडागांव : किसान दिवस पर 16 ग्रामों के किसानों ने मनाया सामूहिक उत्सव

 कोंडागांव, 24 दिसम्बर 2025 एचडीएफसी बैंक परिवर्तन एवं अंबुजा फाउंडेशन के माध्यम से संचालित समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जिले के 16 ग्रामों के किसानों द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री श्री चौधरी चरण सिंह की जयंती एवं किसान दिवस के अवसर पर सामूहिक उत्सव मनाया गया।इस अवसर पर किसान दिवस के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा किसानों को कृषि में नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों के योगदान को सम्मानित करना और उनकी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विभिन्न योजनाओं, नई तकनीकों एवं उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना रहा।
इस दौरान किसानों ने अपनी सफल कृषि कहानियाँ और अनुभव साझा किए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया, जिससे अन्य किसानों को प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती लीलावती नाग, सरपंच श्रीमती शकीला पोयाम, उपसरपंच श्री सहदेव पोयाम, उद्यानिकी विभाग से श्री लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव, एचडीएफसी बैंक से क्लस्टर हेड श्री चंद्रशेखर राय एवं शाखा प्रबंधक श्री दीपेश शर्मा, परियोजना प्रबंधक श्री योगेश मगदुम, नेहा कुशवाहा, स्वयंसेवक तथा 16 ग्रामों के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
किसान दिवस कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक के क्लस्टर हेड श्री चंद्रशेखर राय ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि, “आज के युग में खेती ही किसान का मुख्य आधार है और किसानी से जुड़े रहना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” उन्होंने खेती को आत्मनिर्भरता और सामुदायिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बताया।
वहीं उद्यानिकी विभाग से उद्यान अधीक्षक श्री लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव ने किसानों को सफलता के लिए आवश्यक प्रमुख पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सही बीज के चयन, रासायनमुक्त फसल उत्पादन, मिट्टी की गुणवत्ता के संरक्षण तथा सरकारी योजनाओं को किसानों के खेत तक पहुँचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सफल किसानों से संवाद भी किया गया, जिससे उपस्थित किसानों को व्यावहारिक अनुभव और प्रेरणा प्राप्त हुई।