महासमुंद : जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध - संयुक्त संचालक
Mahasamund: Committed to providing better health facilities to the patients in the district hospital - Joint Director
सी-आर्म मशीन एवं ओ.टी. टेबल क्रय के लिए प्रक्रिया जारी
महासमुंद, 27 नवंबर 2025 जिला अस्पताल शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबंद्ध संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी ने अस्पताल में वर्तमान में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों के संबंध में बताया कि जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए शासन के मंशानुरूप उपलब्ध संसाधनों के आधार पर आवश्यक सेवाएं दी जा रही है।
उन्होंने मीडिया में प्रकाशित आंशिक जानकारी की खबर का खंडन करते हुए बताया कि मरीज के चिकित्सालय में आने वाले दिन की ओपीडी पर्ची का अवलोकन किया गया। जिसमें उपस्थित चिकित्सक ने सी-आर्म मशीन एवं ओ.टी. टेबल उपलब्ध न होने के कारण उच्च संस्थान में रेफर करने की सलाह दी, जो चिकित्सकीय दृष्टि से आवश्यक था।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में सी-आर्म मशीन हेतु 22 लाख 51 हजार 829 रुपए एवं ओटी टेबल हेतु 5 लाख 30 हजार रुपए कुल 27 लाख 81 हजार 829 रुपए की राशि मार्च 2023 में ही सी.जी.एम.एस.सी. को हस्तांतरित किया जा चुका है। 29 मई 2025 को आयोजित स्वशासी समिति की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशानुसार, वर्तमान मूल्य एवं पूर्व प्रेषित प्रस्ताव में लागत अंतर को स्वशासी मद से प्रदान करने का अनुमोदन किया गया है। आवश्यक उपकरण उपलब्ध न होने की स्थिति में प्रबंध संचालक, सीजीएमएससी को 16 जुलाई .2025 को एनओसी हेतु पत्राचार किया गया है। सीजीएमएससी द्वारा आयुक्त चिकित्सा शिक्षा से उपकरण क्रय हेतु एन.ओ.सी. प्रदान करने के लिए औचित्य सहित जानकारी प्रस्तुत करने हेतु 10 जुलाई .2025 को पत्राचार किया गया, जिसके संबंध में संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक द्वारा 07 अक्टूबर .2025 को पत्र प्रेषित किया गया है एवं कार्यवाही उच्च कार्यालय स्तर पर प्रक्रियाधीन है।






