असम में 11 मई के बाद बनेगी नई सरकार : हिमंता

New government will be formed in Assam after May 11: Himanta

असम में 11 मई के बाद बनेगी नई सरकार : हिमंता

दिसपुर। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि राज्य में नई भाजपा-नीत सरकार का गठन और शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होगा, जब संवैधानिक और संगठनात्मक औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सरमा ने कहा कि चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव के नतीजों की औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके बाद उन्होंने लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप अपने मंत्रिपरिषद का इस्तीफा सौंप दिया।

सीएम सरमा ने कहा, चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर नतीजों की घोषणा कर दी है और राज्यपाल को अधिसूचना सौंप दी है। इसके तुरंत बाद, मैंने मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया और वर्तमान असम विधानसभा को भंग करने की भी सिफारिश की।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने दोनों सिफारिशें स्वीकार कर लीं और निवर्तमान मंत्रालय से तब तक कार्यवाहक सरकार के रूप में काम जारी रखने को कहा, जब तक कि नया मंत्रालय कार्यभार नहीं संभाल लेता।

उन्होंने कहा, इस संक्रमण काल ​​के दौरान, जब तक नई सरकार नहीं बन जाती, हम एक कार्यवाहक सरकार के रूप में काम करते रहेंगे।

हालांकि, सीएम सरमा ने संकेत दिया कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई से पहले नहीं होगा। उन्होंने कहा, मैंने 12 मई के बारे में चर्चाएं सुनी हैं, हालांकि मैं आधिकारिक तौर पर तारीख की पुष्टि नहीं कर सकता। मैं यह कह सकता हूं कि नई सरकार का गठन और शपथ ग्रहण 11 मई के बाद ही होगा।