रायपुर : खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 : धान के अवैध बिक्री की रोकथाम के लिए कोचियों एवं बिचौलियों पर की जा रही कड़ी कार्रवाई
Raipur: Kharif Marketing Year 2025-26: Strict action is being taken against brokers and middlemen to prevent illegal sale of paddy.
आज कुल 5 प्रकरणों में 6 लाख 41 हजार 700 रूपए मूल्य के 207 क्विंटल अवैध धान जब्त
अब तक कुल 35 प्रकरणों में 1 करोड़ 19 लाख 62 हजार 900 रूपए मूल्य के 3859 क्विंटल अवैध धान एवं 2 वाहन किया गया जब्त
रायपुर, 22 नवम्बर 2025


जिले में अवैध धान बिक्री की रोकथाम के लिए कोचियों एवं बिचौलियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आने वाले समय में कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान की बिक्री करने की पुनरावृत्ति होने एवं संलिप्त पाए जाने पर अपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जा सकते हैं। इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले के राजस्व, खाद्य, मंडी विभाग के संयुक्त दल द्वारा आज कुल 5 प्रकरणों में 6 लाख 41 हजार 700 रूपए मूल्य के 207 क्विंटल (518 बोरा) अवैध धान जब्त किया गया। इसी तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 35 प्रकरणों में 1 करोड़ 19 लाख 62 हजार 900 रूपए मूल्य के 3859 क्विंटल (9648 बोरा) अवैध धान एवं 2 वाहन जप्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार आज राजनांदगांव अनुविभाग में कुल 1 प्रकरणों में 93 हजार रूपए मूल्य के 30 क्विंटल (75 बोरा) अवैध धान एवं डोंगरगढ़ अनुविभाग में 4 प्रकरण में 5 लाख 48 हजार 700 रूपए मूल्य के 177 क्विंटल (443 बोरा) अवैध धान जप्त किया गया है। इसी तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक राजनांदगांव अनुविभाग में कुल 20 प्रकरणों में 74 लाख 36 हजार 900 रूपए मूल्य के 2399 क्विंटल (5998 बोरा) अवैध धान, डोंगरगढ़ अनुविभाग में 11 प्रकरण में 36 लाख 39 हजार 400 रूपए मूल्य के 1174 क्विंटल (2935 बोरा) अवैध धान व 2 वाहन तथा डोंगरगांव अनुविभाग में कुल 4 प्रकरणों में 8 लाख 86 हजार 600 रूपए मूल्य के 286 क्विंटल (715 बोरा) अवैध धान जप्त किया गया है।
जिले में कोचियों एवं बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले के 1500 छोटे एवं बडे मंडी अनुज्ञप्तिधारियों को सूचीबद्ध कर अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं खाद्य व मंडी के अधिकारियों को जांच कर अवैध रूप से भंडारित धान जप्त किए जाने तथा सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिये गये है। जिले में अंतर्राज्यीय अवैध धान आवक के रोकथाम हेतु जिले में कुल 3 अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट बोरतलाब, पाटेकोहरा एवं कल्लूबंजारी स्थापित किया गया है। जहां पर मंडी, नगर सेना, वन विभाग एवं राजस्व के अधिकारियों द्वारा तीन पालियों में 24 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है।






