अवैध परिवहन और अमानक स्तर का पाए जाने पर 204 क्विंटल धान जप्त
204 quintals of paddy seized for illegal transportation and substandard quality
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 19 दिसम्बर 2025 राज्य सरकार द्वारा पारदर्शी और सुगम तरीके से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान अवैध रूप से धान के भंडारण, परिवहन एवं अमानक स्तर का धान उपार्जन केंद्रों में खपाए जाने की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच दलों द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में जांच के दौरान बीते दिनों अवैध परिवहन और अमानक स्तर का धान पाए जाने पर तीन अलग अलग प्रकरणों में कुल 204 क्विंटल धान जप्त किया गया। जिला स्तरीय संयुक्त जांच दल द्वारा निरीक्षण के दौरान ग्राम अंजनी के पास मध्यप्रदेश से अवैध धान परिवहन करते हुए दो पिकअप वाहन जिसमें लगभग 52 क्विंटल धान, तकरीबन 1 लाख 61हजार रूपए का जप्त करके थाना गौरेला के सुपुर्द किया गया।
इसी तरह धान खरीदी केंद्र कोड़गार में अमारु के एक किसान से 108 क्विंटल, जो व्यापारी का धान था, खपाने एवं धान की गुणवत्ता खराब होने कारण जब्त कर खरीदी केंद्र प्रभारी कोडगार के सुपुर्द किया गया। जांच दल ने धान खरीदी केंद्र चंगेरी के एक किसान से धान के 5 किस्म के मिक्स तथा डंक लगे लगभग 110 कट्टे धान तकरीबन 44 क्विंटल धान को जप्त कर खरीदी केंद्र प्रभारी के सुपुर्द किया गया। यह कार्रवाई निरीक्षण टीम के जिला नोडल श्री शेष नारायण जायसवाल और टीम के सदस्यों द्वारा की गई।






