प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा तिथि घोषित, 1 से 10 मई तक डाउनलोड होंगे प्रवेश पत्र
Preliminary exam date announced for admission to Prayas Residential School; admit cards to be downloaded from May 1 to 10
अम्बिकापुर 01 मई 2026
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रयास बालक/ कन्या आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा की तिथि, परीक्षा समय एवं प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के अधिसूचित क्षेत्रों, आदिवासी उपयोजना क्षेत्रों एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं-जैसे मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट एवं एनडीए-की तैयारी कराई जाती है। इसी उद्देश्य से राज्य में प्रयास आवासीय विद्यालयों की स्थापना की गई है। सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 01 मई 2026 से 10 मई 2026 तक डाउनलोड किए जा सकेंगे। प्राक्चयन परीक्षा 10 मई 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें ओएमआर शीट भरने का समय प्रातः 09ः30 बजे से 10ः00 बजे तक निर्धारित है तथा परीक्षा प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 01ः00 बजे तक आयोजित होगी।
विद्यार्थी अपना प्रवेश पत्र विभागीय वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।






