भाजपा 6 अप्रैल को मनाएगी 47वां स्थापना दिवस, प्रदेश में कार्यक्रमों की तैयारी तेज
BJP to celebrate 47th foundation day on April 6, statewide preparations in full swing
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल को अपना 47वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस अवसर पर देशभर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तर पर एक विशेष समिति का गठन किया है।
इस समिति का संयोजक यशवंत जैन को बनाया गया है। वहीं समिति में रंजना साहू, जी वेंकटराव और शिवनाथ यादव को शामिल किया गया है। इसके अलावा ऋतु चौरसिया और कमल गर्ग भी समिति के सदस्य होंगे। यह समिति कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ उनके सफल और गरिमामय आयोजन की जिम्मेदारी निभाएगी।
स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक कार्यक्रमों का पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान बूथ, मंडल और जिला स्तर पर विविध आयोजन किए जाएंगे, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पार्टी नेतृत्व ने सभी इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन को व्यापक और प्रभावी बनाया जाए, ताकि संगठन की मजबूती और विचारधारा का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।






