जिला पंचायत सीईओ ने सरपंच-सचिवों की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
District Panchayat CEO held a meeting with Sarpanch-Secretaries and reviewed the progress of the schemes.
बीजापुर, 19 दिसंबर 2025 जिला पंचायत बीजापुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने जनपद पंचायत बीजापुर के सरपंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों एवं आवास नोडल की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों तथा नक्सली हमलों में मृत व घायल परिवारों से व्यक्तिगत संपर्क कर शासन की सभी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए वार्ड पंचों के माध्यम से प्रतिदिन हितग्राहियों से संपर्क करने के निर्देश दिए गए। वही नियद नेल्लानार योजना के तहत स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत ने आंगनबाड़ी भवन, स्वास्थ्य केंद्र सहित सभी मरम्मत कार्य 31 दिसंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विकास खंड में जिन व्यक्तियों के पास आधार कार्ड नहीं है, उनकी कारण सहित जानकारी 22 दिसंबर तक एक्सेल शीट में भरकर प्रस्तुत करने को कहा गया। सभी पात्र व्यक्तियों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवेदन जमा कराने के निर्देश सरपंच-सचिवों को दिए गए। मनरेगा के अंतर्गत पर्याप्त कार्य स्वीकृत कराकर उन्हें शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश मनरेगा कर्मचारियों को दिए गए। रोजगार के अभाव में मजदूरों के पलायन की शिकायत सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। जनपद सीईओ को ग्राम पंचायतों में संधारित पलायन पंजी का नियमित निरीक्षण करने तथा सचिवों को बैठक में पंजी सहित उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिला पंचायत सीईओ ने शासकीय योजनाओं में रुचि न लेने वाले सचिवों एवं सरपंचों के विरुद्ध कार्रवाई करने हेतु जनपद सीईओ को निर्देशित किया।






