खुटगांव चेकपोस्ट पर पुलिस का शिकंजा, सब्जियों के नीचे मिला गांजा
Police crackdown at Khutgaon checkpost, marijuana found under vegetables
गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 130 किलो गांजा जब्त किया है।
बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 65 लाख रुपए आंकी गई है। तस्कर गांजे को सब्जी के कैरेटों के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने खुटगांव चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
वाहन में ऊपर से सब्जियों के कैरेट रखे गए थे, लेकिन गहराई से जांच करने पर नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आरोपी राहुल पांडेय को गिरफ्तार किया, जो गाजीपुर का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। साथ ही अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ओडिशा से गांजा किस नेटवर्क के जरिए भेजा जा रहा था और उत्तर प्रदेश में इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।






