मानसून से पहले राहत की तैयारी: मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने नाला निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
Preparations for relief before monsoon: Minister Shri Rajesh Agarwal inspected the drain construction work
जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु करोड़ों की स्वीकृति
अधिकारियों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
रायपुर, मई 2026


पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने नगर निगम अम्बिकापुर अंतर्गत शहीद वीर नारायण वार्ड क्रमांक 23 में चल रहे नाला निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अन्नपूर्णा सामुदायिक भवन से महादेव बस्ती तक तथा महादेव बस्ती से चोरका कछार तक निर्माणाधीन नालों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को मानसून प्रारंभ होने से पूर्व निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भारी वर्षा के दौरान वार्डवासियों ने जलभराव और निकासी की गंभीर समस्या से उन्हें अवगत कराया था। जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल कर दोनों नाला निर्माण कार्यों के लिए क्रमशः 97 लाख 34 हजार रुपए तथा 131 लाख 85 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के नागरिकों को वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा बारिश के दौरान आवागमन और जनजीवन प्रभावित नहीं होगा। मंत्री श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने तथा निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए।
श्री अग्रवाल ने वार्डवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के अवसर पर लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, पार्षद श्री जितेंद्र सोनी, पार्षद श्री दीपक यादव, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।






