कोत्तापल्ली व्यपवर्तन योजना हेतु भूमि अधिग्रहण पर 4 जून को जनसुनवाई      

Public hearing on land acquisition for Kottapalli Diversion Scheme on June 4

कोत्तापल्ली व्यपवर्तन योजना हेतु भूमि अधिग्रहण पर 4 जून को जनसुनवाई      

 बीजापुर 31 मई 2026
भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकार तथा पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 के तहत भोपालपटनम तहसील के ग्राम कोत्तापल्ली में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के संबंध में सामाजिक प्रभाव आकलन अध्ययन हेतु जनसुनवाई का आयोजन 4 जून 2026 को प्रातः 11 बजे ग्राम कोत्तापल्ली में किया जाएगा।
    अधिसूचना के अनुसार कोमटपल्ली (कोक्कमपल्ली) व्यपवर्तन योजना के अंतर्गत मुख्य नहर, माइनर एवं सब माइनर नहर से प्रभावित किसानों की भूमि अर्जित की जानी है। इसके लिए ग्राम कोत्तापल्ली में कुल 2.317 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है। परियोजना से प्रत्यक्ष रूप से 30 परिवार प्रभावित होंगे, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित परिवारों की संख्या शून्य बताई गई है।
    परियोजना की अनुमानित लागत 774.57 लाख रुपये है तथा सामाजिक प्रभावों की प्रतिपूर्ति के लिए 5 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना पूर्ण होने पर ग्राम कोत्तापल्ली, उरकपल्ले, कोगुपल्ली एवं पामगल क्षेत्र में लगभग 300 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
    कलेक्टर एवं जिला भूमि अर्जन अधिकारी ने संबंधित व्यक्तियों, संस्थाओं एवं ग्रामीणों से अपील की है कि भूमि अधिग्रहण के संबंध में यदि कोई सुझाव या जानकारी देना चाहते हैं तो निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपने विचार प्रस्तुत करें।