भिलाई में हादसा : पेड़ से टकराई बाइक, दो की हालत गंभीर

Accident in Bhilai: Bike collides with tree, two in critical condition

भिलाई में हादसा : पेड़ से टकराई बाइक, दो की हालत गंभीर

भिलाई। बीएसपी टाउनशिप में मंगलवार की सुबह बाइक सवार पेड़ से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।दोनों को बीएसपी के मेन हॉस्पिटल सेक्टर-9 ले जाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 जानकारी के अनुसार सेक्टर 4 चौक में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार केटीएम बाइक चौक में मोड़ के पास पेड़ से जा टकराई। पुलिस के अनुसार बाइक चला रहा किशोर सेक्टर-3 का रहने वाला है और वह 10वीं कक्षा का छात्र है। उसका पिता केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का जवान है। बाइक के पीछे उसका दोस्त बैठा था, जो रिसाली का रहने वाला है। हादसे में घायल दोनों किशोरों के नाम दिव्या कुमार और अक्षत चंद्राकर बताए जा रहे हैं।

सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि घटना सुबह टाउनशिप क्षेत्र के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर हुई है। तेज रफ्तार केटीएम बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद जोरदार आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।