बस्तर संभाग के लिपिकों हेतु लेखा प्रशिक्षण सत्र की होगी शुरूआत
Accounting training session will be started for the clerks of Bastar division.
1 मई से आवेदन शुरू
जगदलपुर, 30 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ शासन के वित्तीय प्रशासन में दक्षता लाने के उद्देश्य से शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, बस्तर संभाग द्वारा आगामी लेखा प्रशिक्षण सत्र की घोषणा कर दी गई है। यह चार माह का प्रशिक्षण सत्र 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक जगदलपुर स्थित प्रशिक्षण शाला में आयोजित किया जाएगा। कार्यालय प्राचार्य द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, संभाग के सात जिलों के अंतर्गत कार्यरत लिपिक वर्गीय कर्मचारी इसके लिए 1 मई से 31 मई के बीच अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कड़े पात्रता नियम निर्धारित किए गए हैं, जिसके तहत केवल वे ही तृतीय श्रेणी लिपिक पात्र होंगे जिन्होंने अपनी तीन वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर ली है और उनकी परिवीक्षा अवधि समाप्त हो चुकी है। आवेदन प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल विशेष वाहक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने हेतु संयुक्त संचालक, कोष लेखा एवं पेंशन की अध्यक्षता में एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जिसके पास प्रशिक्षणार्थियों के चयन का सर्वाधिकार सुरक्षित रहेगा। प्रशिक्षण शाला ने स्वास्थ्य मानकों और अनुशासन पर विशेष जोर देते हुए कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे केवल उन्हीं कर्मचारियों के नाम अग्रेषित करें जो शारीरिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ हों और बिना किसी अवरोध के चार माह का पाठ्यक्रम पूरा कर सकें। गौरतलब है कि इस सत्र के लिए कुल 50 सीटें निर्धारित की गई हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि पिछले सत्रों में चयनित होने के बावजूद प्रवेश से वंचित रहे कर्मचारियों के पुराने आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे और उन्हें इस नए सत्र के लिए फिर से आवेदन करना होगा। अंतिम तिथि 31 मई के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा, अतः इच्छुक कर्मचारियों को समय रहते अपनी अनुशंसा सहित आवेदन भेजने की सलाह दी गई है।






