कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने बस्तर मुन्ने सहित नियद नेल्लानार योजना एवं सुशासन तिहार के तहत शिविरों का सुचारू आयोजन करने दिए निर्देश
Bastar Commissioner Shri Doman Singh directed for smooth organization of camps under Bastar Munne including Niyyad Nellanar Scheme and Good Governance Tihar.
वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए समीक्षा में पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर सेचुरेशन करने कहा
जगदलपुर, 30 अप्रैल 2026
कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह ने बस्तर मुन्ने, नियद नेल्लानार योजना एवं सुशासन तिहार के तहत आयोजित होने वाले शिविरों को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कमिश्नर श्री सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए समीक्षा बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत और नगरीय निकायों के अधिकारियों सहित संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि एनसीईएआर सर्वे डेटा के आधार पर चिन्हित हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित कर सेचुरेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उक्त शिविर ग्रामीणों और नागरिकों के समस्याओं का वास्तविक समाधान का माध्यम बनें।
कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि शिविरों के आयोजन से पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ ले सकें। इस दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी करवाने सहित बैनर-पोस्टर लगाकर लोगों को अवगत कराया जाए, वहीं नगरीय इलाकों में उद्घोषणा करवाकर नागरिकों को शिविरों की जानकारी दी जाए। साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से सूचित किया जाए। कमिश्नर ने उपयुक्त शिविर स्थलों का चयन करने पर बल देते हुए कहा कि शिविरों को सामुदायिक भवन या अन्य सार्वजनिक स्थल जिसमें समुचित छाया की व्यवस्था, पेयजल की सुविधा आदि उपलब्ध हो, वहाँ पर आयोजन किया जाए। इन शिविरों के दौरान ग्राम पंचायत और वार्ड कार्यालय खुली रखी जाए और संबंधित मैदानी अमले की उपस्थिति सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने पर विशेष जोर दिया।
कमिश्नर ने कहा कि नियद नेल्लानार योजना और बस्तर मुन्ने जैसी पहल क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि शासन की मंशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए, विशेष रूप से आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रमिक कार्ड, जाब कार्ड सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं का सेचुरेशन पर विशेष फोकस किया जाए। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं अन्य जिलों के सीईओ जिला पंचायत एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।






