सौर ऊर्जा संयंत्रों के रखरखाव हेतु सेवाकर्ता इकाइयों से रूचि के अभिव्यक्ति के तहत आवेदन आमंत्रित
Applications invited under Expression of Interest from service units for maintenance of solar power plants
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 मई 2026 निर्धारित
दंतेवाड़ा, 28 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा दंतेवाड़ा जोन अंतर्गत दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिलों में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों के संचालन, संधारण एवं रखरखाव कार्य के लिए सेवाकर्ता इकाइयों से रूचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित की गई है। यह अनुबंध परियोजना आवश्यकता की अवधि तक वार्षिक आधार पर किया जाएगा। जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सोलर ड्यूल पंप, सोलर पेयजल पंप, सोलर हाई मास्ट, सोलर सिंचाई पंप तथा सोलर होम लाइट संयंत्रों के रखरखाव एवं मॉनिटरिंग कार्य के लिए कुल 102 सेवाकर्ता इकाइयों का चयन किया जाएगा। इनमें दंतेवाड़ा जिले के लिए 24, बीजापुर के लिए 47 तथा सुकमा जिले के लिए 31 इकाइयां निर्धारित की गई हैं।
आवेदन के लिए केवल संस्थाएं, सेवाकर्ता इकाइयां ही पात्र होंगी, व्यक्तिगत आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रत्येक इकाई में न्यूनतम एक कुशल तकनीशियन एवं एक सहायक (हेल्पर) का होना अनिवार्य है। तकनीशियन के पास किसी मान्यता प्राप्त औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, प्लम्बर, फिटर या सोलर तकनीशियन ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र होना आवश्यक होगा। सोलर पावर प्लांट, ड्यूल पंप या पाइपलाइन के संचालन एवं रखरखाव का अनुभव रखने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही संबंधित क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। आवेदक इकाई के पास कार्य निष्पादन हेतु स्वयं का मोटरसाइकिल तथा चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना भी अनिवार्य किया गया है।
इच्छुक इकाइयां आवेदन प्रपत्र एवं विस्तृत दिशा-निर्देश 30 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक कार्यालयीन समय में संबंधित जिला या जोनल कार्यालय से 100 रुपये शुल्क जमा कर प्राप्त कर सकती हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 मई 2026 सायं 5 बजे निर्धारित की गई है। क्रेडा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राप्त आवेदनों को पूर्णतः या आंशिक रूप से स्वीकार अथवा अस्वीकार करने तथा सेवाकर्ता इकाइयों की संख्या में परिवर्तन करने का अधिकार विभाग के पास सुरक्षित रहेगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए क्रेडा विभाग से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते है।






