लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने ली समीक्षा बैठक
Collector and SP held a review meeting regarding law and order.
अवैध शराब परिवहन व बिक्री पर सख्ती, मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच के दिए निर्देश
दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन करें, जनजागरूकता से सड़क सुरक्षा सुदृढ़ बनाएं
सुशासन तिहार 2026 के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने विशेष सतर्कता के निर्देश
मोहला 24 अप्रैल 2026 लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह ने जिला कार्यालय के सभा कक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने नशा नियंत्रण और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आगामी सुशासन तिहार 2026 के दौरान जिले में शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा।
कलेक्टर ने एन-कॉर्ड की समीक्षा करते हुए जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों से उपचार लेकर लौटे व्यक्तियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि उनका सतत फॉलो-अप के साथ ग्राम पंचायतों के माध्यम से उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करे तथा समाज में जागरूकता फैलाने के प्रयास करे। उन्होंने महाराष्ट्र सीमा से अवैध शराब परिवहन पर कड़ी नजर रखते हुए लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने, सभी मेडिकल स्टोर्स का नियमित निरीक्षण करने तथा मिलावटी शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक संकेतक एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। साथ ही यातायात के नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह ने राजस्व, पुलिस एवं कृषि विभाग समन्वय के साथ कोटवारों एवं ग्राम पंचायत सरपंचों की संयुक्त बैठक आयोजित कर उन्हें प्रशिक्षण देने की बात कही। उन्होंने अवैध गांजा एवं अफीम की खेती पर रोक लगानेए नशीले पौधों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने तथा आमजन को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर धु्रव सहित पुलिस प्रशासन अधिकारी.कर्मचारी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






