सुशासन तिहार बना ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम

Good governance festival has become an effective medium to solve the problems of the villagers.

सुशासन तिहार बना ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम

बड़ाकरौंजा शिविर में 15 गांवों के ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
किसानों को केसीसी, विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और हितग्राहियों को मिली राहत

रायपुर, 25 मई 2026

किसानों को केसीसी, विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और हितग्राहियों को मिली राहतमुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन संकल्प को साकार करते हुए जशपुर जिले के ग्राम बड़ाकरौंजा में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के 15 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में कुल 235 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। इस दौरान 08 हितग्राहियों को नए राशन कार्ड, 03 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के पूर्णता प्रमाण-पत्र, 14 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 4 किसानों को उर्वरक वितरित किए गए। साथ ही 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार एवं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और सुशासन तिहार इस दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रहा है।
शिविर में टेकुल ग्राम के किसान अजीत एक्का को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें खेती-किसानी के लिए समय पर खाद-बीज उपलब्ध हो सकेगा और साहूकारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वहीं रायगढ़ से आए जयेश कुमार मिंज को जाति प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अब गांव स्तर पर ही आसानी से मिल रहा है।