सांसद प्रिया सरोज क्रिकेटर रिंकू सिंह से करेंगी शादी

MP Priya Saroj will marry cricketer Rinku Singh

सांसद प्रिया सरोज क्रिकेटर रिंकू सिंह से करेंगी शादी

नई दिल्ली । समाजवादी पार्टी की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। संसद सत्र के बाद सगाई और शादी की तारीख तय होगी। लखनऊ में ही सगाई होगी। प्रिया के पिता और जौनपुर की केराकत विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि शादी के सिलसिले में रिंकू के पिता से बृहस्पतिवार को अलीगढ़ में बात हुई है। 

संसद का सत्र 30-31 जनवरी से शुरू हो रहा है, जो 13 फरवरी तक चलेगा। संसद सत्र के बाद सगाई और शादी की तारीख तय की जाएगी। उधर, क्रिकेटर रिंकू सिंह 22 जनवरी से टी-20 मैच खेलने इंग्लैंड जा रहे हैं। इसके बाद आईपीएल भी खेलेंगे। शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनके साथ 13 करोड़ में अनुबंध किया है। शादी और सगाई की तारीख तय करने में रिंकू की सुविधा का ख्याल रखा जाएगा। देखा जाएगा कि उनके खेल पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े। 

तूफानी सरोज ने बताया कि प्रिया की सहेली के पिता क्रिकेटर हैं। उनके जरिये ही रिंकू और प्रिया की जान-पहचान हुई थी। दोनों एक दूसरे को पहले से जानते हैं। दोनों का कहना था कि परिजनों की रजामंदी से शादी करेंगे। अब परिजनों के बीच भी सार्थक बातचीत हो गई है।