प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली जिंदगी
Prime Minister Housing Scheme changed lives
रायपुर, मार्च 2026 कभी बारिश की हर बूंद के साथ चिंता में डूब जाने वाली उर्मिला बाई आज अपने पक्के घर की छत के नीचे सुकून की जिंदगी जी रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। बेमेतरा जिले के ग्राम पंचायत भोड़नामाठ की निवासी उर्मिला बाई इस योजना से लाभान्वित हुईं।
पहले उनका परिवार जर्जर कच्चे मकान में रहता था, जहां बारिश में पानी टपकना और दीवारों का कमजोर होना आम बात थी। आर्थिक तंगी के कारण पक्का घर बनवाना उनके लिए सपना ही था। मजदूरी और खेती से गुजर-बसर करने वाले इस परिवार को जब पात्रता सूची में अपना नाम मिला, तो उम्मीद जगी। प्रशासनिक मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग से उनका घर समय पर बनकर तैयार हुआ। अब उर्मिला बाई अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं। बच्चों को बेहतर वातावरण मिला है और परिवार में आत्मविश्वास बढ़ा है। उर्मिला बाई ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है।






