विश्व क्षय दिवस पर ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत, प्रचार रथ को हरी झंडी
'TB Free India Campaign' launched on World Tuberculosis Day, publicity chariot flagged off
दंतेवाड़ा, 25 मार्च 2026 विश्व क्षय दिवस के अवसर पर कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में ‘100 दिवस टीबी मुक्त भारत अभियान’ की सशक्त शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अजय रामटेक द्वारा प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चार चरणों में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्राम पंचायतों के पारा-मोहल्लों में घर-घर सर्वे कर उच्च जोखिम समूह के व्यक्तियों की पहचान करेंगी। चिन्हित व्यक्तियों का एक्स-रे परीक्षण कराया जाएगा तथा संदेहास्पद मरीजों की निःशुल्क नाट (छ।।ज्) जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि टीबी की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार संभव हो सके। इस पहल से जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद जताई जा रही है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर डीपीएम श्री प्रतीक सोनी, डीटीओ डॉ. साकेत लहरें सहित टीबी कार्यक्रम से जुड़े समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






