आरएएमपी योजना के अंतर्गत एमएसएमई उद्यमियों की एक्सपोजर विजिट नागपुर में संपन्न
Exposure visit of MSME entrepreneurs under RAMP scheme concluded in Nagpur
दंतेवाड़ा, 25 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ में सीएसआईडीसी के मार्गदर्शन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रैंप योजना के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के उद्यमियों के लिए महाराष्ट्र राज्य के नागपुर स्थित पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में 23 एवं 24 मार्च 2026 को दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एवं बस्तर जिलों से आए कुल 25 उद्यमियों ने भाग लिया। इस विजिट का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों की तकनीकी क्षमता, बाजार की समझ तथा प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाना था। साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीक, उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों एवं बाजार व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य रहा। विजिट के दौरान उद्यमियों ने विभिन्न उद्योगों, प्रसंस्करण इकाइयों, क्लस्टरों एवं प्रशिक्षण संस्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें उन्नत तकनीकों, नवीन प्रक्रियाओं एवं आधुनिक प्रबंधन प्रणालियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विशेषज्ञों के साथ संवाद, उत्पादन प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन एवं सफल उद्यमियों के अनुभव साझा किए गए, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क के व्यवसाय प्रमुख श्री एस.के. राणा द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की विजिट एमएसएमई उद्यमियों के लिए सीखने, नवाचार अपनाने और नेटवर्क विकसित करने का सशक्त माध्यम है, जिससे वे अपने व्यवसाय को नई दिशा दे सकते हैं।
विजिट के दौरान प्रमुख गतिविधियों में उन्नत उद्योगों एवं क्लस्टरों का भ्रमण, उत्पादन तकनीक एवं मशीनरी का अध्ययन, गुणवत्ता मानकों एवं प्रमाणन की जानकारी, विशेषज्ञों एवं सफल उद्यमियों से संवाद, बाजार, आपूर्ति श्रृंखला एवं मूल्य संवर्धन की समझ तथा नए व्यावसायिक विचारों एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का अध्ययन शामिल रहा। इसके साथ ही एमएसएमई से संबंधित शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। उद्यमियों ने इस विजिट को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यवसाय के लिए नई तकनीकों एवं संभावनाओं की जानकारी मिली है, जो उनके उद्यम के विकास में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम के सफल संचालन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के श्री रोहित शर्मा एवं श्री पंकज साहू का विशेष योगदान रहा। वहीं सीएसआईडीसी विभाग के प्रतिनिधि श्री योगेश जायसवाल ने भी इस विजिट को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।






