स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में शुरू हुआ जागरूकता पखवाड़ा        

Awareness fortnight started in the district under Swachh Bharat Mission

स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में शुरू हुआ जागरूकता पखवाड़ा        

 दीवार लेखन से स्वच्छता का संदेश

बलौदाबाजार, 4 जून 2026
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या अग्रवाल के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों को ओडीएफ प्लस मॉडल बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस मुहिम के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिले की सभी जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में सघन दीवार लेखन का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है।
इसके तहत सार्वजनिक स्थानों, पंचायत भवनों और प्रमुख चौराहों की दीवारों पर आकर्षक व ज्ञानवर्धक स्लोगन लिखकर आम नागरिकों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण परिवेश को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाया जा सके। यह विशेष जागरूकता पखवाड़ा 1 जून से 15 जून तक पूरे जिले में संचालित किया जा रहा है। इस 15 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सूखे और गीले कचरे के सही निपटान, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना है। इस पखवाड़े के दौरान केवल दीवार लेखन ही नहीं, बल्कि विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सीधे ग्रामीणों से संवाद साधा जा रहा है। इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वसहायता समूहों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि स्वच्छता की यह अलख हर घर तक पहुंचे और जिला पूर्ण रूप से स्वच्छ और सुंदर नजर आए।