हेरिटेज फेस्ट 2024 में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर बिखरेगी
Chhattisgarh's cultural heritage will be spread in Heritage Fest 2024
हेरिटेज फेस्ट 2024 में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर बिखरेगी
अगरतला, त्रिपुरा – युवा विकास केंद्र द्वारा आयोजित हेरिटेज फेस्ट 2024 त्रिपुरा के अगरतला में 21 से 27 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अन्य देशों के युवा अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को विश्व मंच पर प्रस्तुत करने के लिए कांकेर जिले से 8 युवाओं का चयन किया गया है, जिनका नेतृत्व सुश्री शिल्पा साहू करेंगी।
छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि इस उत्सव में अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से चार चांद लगाएंगे। उत्सव में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध सुआ नृत्य, दरिया राउत नाचा, और पंथी गीतों का प्रदर्शन होगा। इन जीवंत और मनमोहक प्रस्तुतियों में क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इन प्रतिभागियों में हर्ष डोंगरे, रानु गुप्ता, प्रेम श्रीवास, ख्याति ठाकुर, यशवर्धन सिंह ठाकुर, अभिषेक रवानी, दीक्षा यादव, और भार्गव बघेल शामिल हैं।
यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक नृत्य और संगीत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा। प्रतिभागी युवा अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की जीवंत संस्कृति से परिचित कराएंगे और राज्य के सांस्कृतिक गौरव को देश-विदेश में प्रचारित करेंगे।
आयोजन की विशेषताएं
हेरिटेज फेस्ट 2024 युवा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करता है, जहां वे अपनी-अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन विभिन्न संस्कृतियों के संगम का गवाह बनेगा, जो विविधता में एकता की भावना को मजबूत करेगा। त्रिपुरा में आयोजित इस उत्सव में न केवल भारतीय राज्यों की सांस्कृतियों का संगम देखने को मिलेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय युवा भी अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से दर्शकों का मन मोह लेंगे।