मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना: प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
Chief Minister Child Future Security Scheme: Applications invited for admission in class 9th in Prayas Residential Schools
रायपुर, 24 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रदेश के प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 9वीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन विद्यालयों में राज्य के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट तथा एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गहन तैयारी और निःशुल्क आवासीय सुविधा प्रदान की जाती है।
इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश हेतु अपना ऑनलाइन आवेदन आगामी 17 अप्रैल 2026 तक रात्रि 12:00 बजे तक विभागीय पोर्टल पर जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए 18 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। विभाग द्वारा जिला स्तर पर दस्तावेजों का परीक्षण 22 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 के मध्य किया जाएगा। प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली प्राक्चयन परीक्षा हेतु विद्यार्थी अपने प्रवेश पत्र 01 मई से 09 मई 2026 तक डाउनलोड कर सकेंगे। इस सत्र के लिए चयन परीक्षा का आयोजन 10 मई 2026 को किया जाएगा।
आवेदक अपनी पात्रता और आवेदन के संबंध में विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी अपने जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से भी संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं।






