सुशासन तिहार से किसान भगीरथ को मिली नई ताकत, किसान क्रेडिट कार्ड बनने से खेती हुई आसान
Good Governance Festival gives new strength to farmer Bhagirath, Farming becomes easier with Kisan Credit Card
अब समय पर मिलेंगे खाद-बीज, निजी उधारी और अतिरिक्त खर्च से मिली राहत
रायपुर, 04 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ ग्रामीण अंचलों में किसानों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे किसानों तक पहुंच रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ खेती-किसानी भी अधिक सुगम हो रही है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अमला माझापारा के किसान श्री भगीरथ को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ मिला है, जिससे उनकी खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान हुआ है।
खाद-बीज के लिए उठानी पड़ती थी परेशानी
श्री भगीरथ ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड नहीं होने के कारण खेती के मौसम में उन्हें खाद और बीज की व्यवस्था करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आवश्यक कृषि सामग्री निजी दुकानों से ऊंची कीमत पर खरीदनी पड़ती थी, जिससे खेती की लागत बढ़ जाती थी और आर्थिक दबाव भी बना रहता था। उन्होंने बताया कि कई बार समय पर संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण कृषि कार्य प्रभावित होते थे, जिससे उत्पादन पर भी असर पड़ता था।
सुशासन तिहार में मिला त्वरित समाधान
‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में श्री भगीरथ ने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा तत्परता दिखाते हुए उनके आवेदन का शीघ्र निराकरण किया गया और उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया गया। अब किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उन्हें सहकारी समिति से समय पर खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदान सामग्री उपलब्ध हो रही है। इससे खेती की तैयारियां पहले की तुलना में अधिक सुगमता से हो पा रही हैं।
किसान ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
किसान क्रेडिट कार्ड मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री भगीरथ ने कहा, “अब मुझे खेती के लिए खाद-बीज की चिंता नहीं रहती। किसान क्रेडिट कार्ड बनने से आवश्यक सामग्री समय पर मिल रही है और खेती करना आसान हो गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि मेरी समस्या का समाधान गांव में ही हो गया। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और प्रशासन का हृदय से धन्यवाद करता हूं।”
किसानों को सशक्त बना रहा सुशासन तिहार
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। भगीरथ जैसे अनेक किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराकर शासन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।






