सड़क निर्माण के औचक निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर, मौके पर करवायी सैंपल की जांच

Collector arrived for surprise inspection of road construction, got sample tested on the spot

सड़क निर्माण के औचक निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर, मौके पर करवायी सैंपल की जांच

कलेक्टर और एसपी ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने आज पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के साथ शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सड़क निर्माण के साथ ऑक्सीजोन और नालंदा परिसर के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष रूप से ध्यान रखें। बारिश शुरू होने से पहले अभी पर्याप्त समय है इसका सदुपयोग करते हुए कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश उन्होंने सभी ठेकेदारों को दिए। निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, ईई पीडब्ल्यूडी अमित कश्यप भी साथ रहे।

कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने छातामुड़ा चौक से जुटमिल तक बन रहे सड़क निर्माण का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सड़क की मोटाई की जांच करवाई साथ ही सड़क बनाने में उपयोग किये जा रहे हैं मटेरियल की रैंडम सैंपल लेकर बिटूमिनस एक्सट्रैक्टर से अपने सामने जांच करवाई। यह जांच मौके पर लगभग आधे घंटे तक चलती है। इस प्रक्रिया से मटेरियल में कोलतार के मात्रा की जांच की जाती है। जांच में मात्रा सही पाई गई। उन्होंने सड़क के अलग-अलग हिस्सों की रेंडम सेंपलिंग करवाकर काम की गुणवत्ता जांची। कलेक्टर श्री गोयल ने ठेकेदार से कहा कि काम में पुरी गुणवत्ता होनी चाहिए। सही क्वालिटी का मटेरियल उपयोग करें। रोलर और वाइब्रो का इस्तेमाल कर समतल और अच्छी गुणवत्ता की सड़क बनाएं। जो लंबे समय तक टिकाऊ रहे। उन्होंने आयुक्त नगर निगम और ईई पीडब्लूडी को कोर कटिंग का सैंपल लेकर उसकी भी जांच करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री गोयल व पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने ऑक्सीजोन निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने प्रोजेक्ट के अनुसार चल रहे कार्यों के प्रगति के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर श्री गोयल ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बाउंड्री वॉल और पार्किंग स्थल के निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजोन में आवश्यकता के अनुसार व्यवस्थित रूप से पार्किंग का निर्माण हो तथा प्रोजेक्ट में शामिल निर्माण के दूसरे कॉम्पोनेंट का निर्माण समय से पूरा करें।

कलेक्टर श्री गोयल ने नालंदा परिसर निर्माण स्थल का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने चल रहे फाउंडेशन निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ड्राइंग डिजाइन के अनुसार अब तक की प्रगति के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि निर्माण कार्य में क्वालिटी और समय-सीमा का पूरा ध्यान रखें। तकनीकी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें।