श्रवण यंत्र बना नई उम्मीद का सहारा, श्याम लाल और नरसिंग वर्मा के जीवन में लौटी सुनने की खुशी
Hearing aids offer new hope, bringing back the joy of hearing to Shyam Lal and Narsingh Verma.
रायपुर, मई 2026

समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में खैरागढ़ छुई खदान गंडई जिले के ग्राम टेकापार कला निवासी श्याम लाल वर्मा एवं नरसिंग वर्मा को संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमन राज द्वारा श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। सहायता प्राप्त होने पर दोनों हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
श्रवण संबंधी समस्या के कारण दोनों ग्रामीणों को लंबे समय से दैनिक जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की बातें स्पष्ट रूप से सुन नहीं पाने के कारण सामाजिक गतिविधियों, पारिवारिक संवाद और सामान्य कार्यों में भी उन्हें परेशानी होती थी। उनकी आवश्यकता को देखते हुए प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया।
श्रवण यंत्र प्राप्त करने के बाद श्याम लाल वर्मा और नरसिंग वर्मा ने बताया कि अब वे लोगों की बातें पहले की अपेक्षा अधिक स्पष्ट रूप से सुन पा रहे हैं। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि वे सामाजिक और पारिवारिक जीवन में भी सक्रिय भागीदारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह सहायता उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमन राज ने कहा कि शासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और उनके जीवन की कठिनाइयों को कम किया जा सके।
श्रवण यंत्र प्राप्त कर दोनों हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की यह संवेदनशील पहल उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संचार करेगी।






