जिले में उचित व्यवस्था के साथ हो रही धान खरीदी
Paddy is being purchased in the district with proper arrangements
गरियाबंद। राज्य शासन द्वारा 14 नवम्बर से शुरू किये गये धान खरीदी जिले में सुचारू रूप से जारी है। उपार्जन केन्द्रों में उचित व्यवस्था सुनिश्चित कर किसानों से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों पर सुचारु और पारदर्शी तरीके से धान खरीदी हो रही है। केन्द्रों में सभी प्रकार की सुविधाएं सुनिश्चित की गई है। किसानों के लिए छायेदार शेड, पेयजल एवं अन्य जरूरी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा धान खरीदी के लिए आवश्यक सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। जिससे किसान बिना असुविधा के खरीदी केन्द्र आकर अपना धान बेच रहे है।
तरीघाट के रहने वाले किसान बंशी लाल ने बताया कि पहले धान बेचने लोहरसी जाना पड़ता था। अब शासन द्वारा उनके गांव के नजदीक ही सहसपुर में धान खरीदी केन्द्र खोला गया है। जिससे गांव के किसानों को धान बेचने में सुविधा हो रही है। साथ ही ज्यादा दूरी भी तय नहीं करना पड़ रहा है। इसके अलावा सरकार ने टोकन प्राप्त करने के लिए ऑनलाईन सिस्टम भी बनाया है। इसके तहत घर बैठे ही मोबाईल एप्प टोकन तुंहर हाथ के माध्यम से टोकन मिल जा रहा है। इसी प्रकार ग्राम काजनसरा के किसान मुनीराम ने बताया कि खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही बारदाना भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि केन्द्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल के माध्यम से धान तौलने की सुविधा करने से किसानों को दाने-दाने तौल का हिसाब मिल जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक तौल से सही और त्रुटिरहित तरीके से धान की तौल हो रही है। जिले के किसानों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी होने से किसानों में हर्ष व्याप्त है। जिले में धान खरीदी को देखते हुए लग रहा है कि छोटे एवं लघु कृषकों को धान की बिक्री से अच्छी खासी आमदनी हो रही है। धान बेचने वाले किसानों के बैंक खातों में धान बिक्री की राशि भी समय से प्राप्त हो जा रही है, जिससे किसानों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। सरकार द्वारा किये गये व्यवस्थाओं के लिए जिले के कृषक शासन का आभार जता रहे है।






