बोरियाखुर्द में 21 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ 29 से
21st Kundiya Gayatri Mahayagya in Boriyakhurd from 29th
विधायक साहू ने महायज्ञ के लिये किया भूमि पूजन
रायपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में 29 नवम्बर से 01 दिसम्बर तक बोरियाखुर्द के खेल मैदान में आयोजित 21 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं निःशुल्क संस्कार महोत्सव आयोजित होगा। इसका भूमिपूजन व ध्वजपूजन 24 नवम्बर को रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू द्वारा गायत्री परिवार के वरिष्ठ प्रतिनिधी दिलीप पाणिग्रही, श्याम बैस, सदाशिव हथमल, लच्छुराम निषाद, कार्यक्रम संयोजक मोहनलाल साहू, आयोजक ऋषि साहू के साथ विधि विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया।
यज्ञाचार्य ने बताया कि भूमि का अच्छे व बुरे संस्कार मनुष्य के जीवन को प्रभावित करते हैं। यज्ञ में पुंसवन, नामकरण, अन्नप्राशन, मुंडन, कर्णछेदन, विद्यारंभ, दीक्षा, यज्ञोपवीत, विवाह, जन्मदिवस, विवाहदिवस इत्यादि विविध संस्कार निःशुल्क संपन्न होंगे। रायपुर ग्रामीण के विधायक साहू ने कहा कि गायत्री मंत्र से मनुष्य में सद्बुद्धि का विकास और यज्ञ से वातावरण का परिशोधन व मानव मात्र का कल्याण होता है। गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा चलाये गये सप्तसूत्रीय आंदोलन से आज जन-जन प्रभावित है। उनके विचारों पर चलने से मानव में देवत्व का उदय-धरती पर स्वर्ग का अवतरण तथा युग निर्माण अवश्य होगा। गायत्री परिवार आज हर जगह सामाजिक समरसता का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक मोहनलाल साहू व आयोजन मण्डल से ऋषि साहू ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम दिवस दिनांक 29 नवम्बर को दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे के मध्य सद्गुरुज्ञान गंगा शोभा यात्रा एवं भव्य गंगाजल कलश यात्रा, कलश स्थापना, आद्य शक्ति, युग शक्ति पर संगीत व प्रवचन, प्रसाद वितरण होगा। द्वितीय दिवस 30 नवम्बर को प्रातः 8 बजे दोपहर 2 बजे तक देव पूजन, यज्ञ का ज्ञान-विज्ञान संदेश, गायत्री महायज्ञ एवं विविध संस्कारो का निःशुल्क आयोजन तथा शाम 4 बजे शाम 6 बजे तक संगठनात्मक कार्यकर्ता गोष्ठी, नारी शक्ति सम्मेलन, गीत-संगीत, प्रज्ञा प्रवचन, नारी सशक्तिकरण पर विशेष उद्बोधन, राष्ट्र जागरण, दीप महायज्ञ होगा। कार्यक्रम के अंतीम व तृतीय दिवस 1 दिसम्बर को प्रातः 6 बजे ध्यान साधना, प्रज्ञायोग तथा प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे गायत्री महायज्ञ, विविध संस्कार, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण होगा।






