W52 ऑनलाइन सट्टा: 68 बैंक खातों में 25 करोड़ का लेनदेन, बैंकों से पुलिस को नहीं मिली जानकारी

W52 Online betting: Transaction of 25 crores in 68 bank accounts, police did not get information from banks

W52 ऑनलाइन सट्टा: 68 बैंक खातों में 25 करोड़ का लेनदेन, बैंकों से पुलिस को नहीं मिली जानकारी

अंबिकापुर। सरगुजा में संचालित डब्ल्यू फिफ्टी टू ( डब्ल्यू 52) सट्टा गिरोह की गतिविधियों की जांच तेज हो गई है। अभी तक की जांच में गिरोह द्वारा संचालित 68 बैंक खातों की जानकारी सामने आ चुकी है। इन खातों में 25 करोड़ के लेनदेन की पुष्टि हो चुकी है।ज्यादातर बैंकों से अभी पुलिस को जानकारी नहीं मिल सकी है। इस गिरोह के मुख्य आरोपित सुधीर गुप्ता को रिमांड पर लेकर पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ में कुछ नए तथ्य भी सामने आए हैं, जिस आधार पर पुलिस सट्टे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

मालूम हो कि सुधीर गुप्ता के चार सहयोगियों को पुलिस ने सबसे पहले पकड़ा था। शुरुआती जांच में ही आरोपितों द्वारा देश के 15 बैंकों की अलग-अलग शाखाओं में फर्जी तरीके से खाते खोलकर ऑनलाइन माध्यम से सट्टा की रकम का लेन देन करने की पुष्टि हुई थी। क्रिकेट मैच में सट्टेबाजी कराई जा रही थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनमें से चार-पांच बैंकों से ही जानकारी मिल सकी है। इसमें 25 करोड़ के लेनदेन का पता चल गया है। अभी भी चिह्नित आधे से अधिक बैंकों की जानकारी के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।