प्रधानमंत्री आवास योजना से जीवन में आया उजाला, पक्का मकान बना सम्मान का आधार

Prime Minister Housing Scheme brings light to life, a permanent house becomes the basis of respect

प्रधानमंत्री आवास योजना से जीवन में आया उजाला, पक्का मकान बना सम्मान का आधार

रायपुर,  अप्रैल 2026

प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के जीवन में एक नई उम्मीद और स्थायित्व का आधार बन गई है। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पारागांवखुर्द निवासी श्री संतुराम जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। आज वह अपने पक्के घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।

संतुराम पहले अपनी मां के साथ कच्चे घर में रहते थे। दोनों मजदूरी कर किसी तरह जीवनयापन करते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना संभव नहीं हो पा रहा था। उनकी मां का नाम आवास प्लस सूची में दर्ज था, लेकिन मकान स्वीकृत होने से पूर्व ही उनका निधन हो गया, जिससे यह सपना अधूरा रह गया। इसी बीच ग्राम पंचायत से उन्हें जानकारी मिली कि वे अपनी मां के नाम पर नामिनी के रूप में पात्र हैं। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद उनका पंजीयन किया गया और शीघ्र ही आवास स्वीकृत हो गया। बैंक खाते में पहली किस्त 40 हजार रुपये प्राप्त होने के साथ ही उन्होंने मकान निर्माण प्रारंभ किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत उन्हें कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि तीन किस्तों में प्राप्त हुई। इसके साथ ही मनरेगा के तहत 95 दिनों का रोजगार भी मिला। इस समन्वित सहयोग से संतुराम ने अपना पक्का घर पूरा किया। आज उनका जीवन सुरक्षित, सहज और सम्मानपूर्ण हो गया है। संतुराम ने इस परिवर्तन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।